इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराना महंगा पड़ा पुलिस ने निकाल दी शानू की शान की हेकड़ी जबलपुर (ईएमएस)। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार के एक शातिर अपराधी शानू अंसारी को पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विगत दिवस इंस्टाग्राम पर एक वीडियो प्रसारित होने के बाद एसपी संपत उपाध्याय ने मामले पर संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद कैंट थाना की पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात पेंटीनाका चौराहे के पास से आरोपी को धर दबोचा। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई है, जिसे जब्त कर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि सदर बाजार इलाके में रहने वाले आरोपी शानू अंसारी ने अपने परिचितों के साथ मिलकर एक पार्टी की थी, जिसके बाद वह बीच बाजार में खुलेआम हाथ में पिस्टल लेकर नाचने लगा। इस दौरान उसने हवा में हथियार को लहराते हुए खुद का एक वीडियो भी बनवाया। इस वीडियो को उसने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जो कुछ ही समय में बड़े पैमाने पर देखा जाने लगा। जब यह वीडियो पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, इस पर संज्ञान लिया और केंट पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के सख्त निर्देश मिलने के बाद कैंट पुलिस की एक टीम वीडियो के आधार पर लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शुक्रवार रात को जब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी जानकारी मिली कि वीडियो में दिखने वाला आरोपी शानू अंसारी पेंटीनाका चौराहे के पास देखा गया है। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर में एक पिस्टल खुसी हुई मिली। जांच में यह भी साफ हुआ है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी डर का माहौल बनाने के लिए ऐसे वीडियो अपलोड कर चुका है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 23 मई 2026/ 01.37