बालाघाट (ईएमएस). एनसीसी के दस दिवसीय 97 वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को अनुशासन, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन प्रात:काल पीटी एवं योगा के माध्यम से कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का अभ्यास कराया जा रहा है। इसके पश्चात कैडेट्स की ड्रिल प्रैक्टिस एवं ऑनर गार्ड की कक्षाएं आयोजित की गईं, जो एनसीसी प्रशिक्षण का प्रमुख हिस्सा हैं। साथ ही नियमित एनसीसी कक्षाओं का भी संचालन किया गया। शिविर के सांयकालीन विशेष व्याख्यान सत्र में युवा चिकित्सक डॉ. वैद्य एवं डॉ. फाल्गुनी थोंबरे ने कैडेट्स को प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि किसी दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में डॉक्टर के पहुंचने से पहले घायल व्यक्ति को किस प्रकार तत्काल सहायता प्रदान की जानी चाहिए। इस दौरान प्राथमिक उपचार के प्रथम चरण ‘एबीसी’ की जानकारी दी गई तथा खून बहना रोकने, सीपीआर देने एवं अन्य जरूरी प्राथमिक उपचार विधियों का प्रशिक्षण भी दिया गया। चिकित्सकों ने मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए एमबीबीएस, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, डेंटिस्ट एवं फार्मेसी जैसे क्षेत्रों में भविष्य निर्माण के संबंध में कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। इधर शिविर में खेलकूद गतिविधियां भी समापन की ओर हैं। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत रस्साकसी का फाइनल मुकाबला ब्रेवो एवं चार्ली कंपनी के बीच आयोजित किया गया। इसमें सीनियर डिवीजन एवं जूनियर डिवीजन दोनों वर्गों में ब्रेवो कंपनी विजेता रही। विजेता कैडेट्स को कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी एवं पीआई स्टाफ सहित सभी कैडेट्स उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 23 मई 2026