बालाघाट (ईएमएस). भारतीय डाक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर 22 मई को प्रधान डाकघर बालाघाट में विशेष विरुपण मुहर (स्पेशल कैंसिलेशन कैशे) अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अधीक्षक डाकघर बालाघाट संभाग वायएल धनेन्द्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस विशेष विरुपण मुहर में जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि बालाघाट जिला अपने समृद्ध वन क्षेत्र, प्राकृतिक धरोहर एवं विविध वन्यजीवों के लिए विशेष पहचान रखता है। जिले के वन क्षेत्रों में अनेक प्रकार की वनस्पतियां, जीव-जंतु एवं प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं, जो जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन वैश्विक स्तर पर चिंता एवं जागरूकता का विषय बना हुआ है। भारतीय डाक विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष आवरण, विशेष विरुपण मुहर एवं डाक टिकटों के माध्यम से राष्ट्रीय, सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व के विषयों को जनसामान्य तक पहुंचाने का कार्य किया जाता रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जारी यह विशेष विरुपण मुहर बालाघाट जिले के नागरिकों एवं फिलाटेली प्रेमियों के लिए विशेष महत्व रखती है। डाक विभाग के अनुसार यह विशेष विरुपण मुहर सीमित अवधि के लिए उपलब्ध रहेगी। 22 मई से प्रधान डाकघर बालाघाट में विरुपण के पश्चात प्राप्त की जा सकेगी। फिलाटेली में रुचि रखने वाले नागरिकों से शीघ्र अपना ऑर्डर बुक कराने की अपील की गई है। भानेश साकुरे / 23 मई 2026