विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगा नया आसमान बालाघाट (ईएमएस). वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने वाली बहुप्रतीक्षित आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय का शुभारंभ 23 मई को कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा परसवाड़ा में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ एवं एसडीएम श्रीष प्यासी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पुस्तकालय के शुभारंभ को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह और उत्सुकता का माहौल देखा गया। जनसहयोग, प्रशासनिक पहल और समाजसेवियों के सामूहिक प्रयासों से तैयार किया गया यह पुस्तकालय अब केवल एक भवन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, संघर्षों और सफलता का केंद्र बनने जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह पुस्तकालय किसी वरदान से कम नहीं माना जा रहा है। वनांचल क्षेत्र के अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा को आगे नहीं बढ़ा पाते। ऐसे में यह आधुनिक पुस्तकालय विद्यार्थियों को शांत अध्ययन वातावरण, प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी पुस्तकें, समाचार पत्र, संदर्भ सामग्री एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा। यहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ आत्मविश्वास और नई प्रेरणा भी मिलेगी। बीते माह प्रारंभ किए गए मेरा परसवाड़ा मेरी लाइब्रेरी अभियान को क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है। परसवाड़ा क्षेत्र के युवा समाजसेवी रामेश्वर कटरे एवं युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी तथा एसडीएम श्रीष प्यासी के मार्गदर्शन में पुस्तकालय के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया गया। समाज के हर वर्ग के सहयोग से इस पुस्तकालय को साकार रूप दिया जा सका। पुस्तकालय के शुभारंभ से विद्यार्थियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह पुस्तकालय आने वाले समय में परसवाड़ा को शिक्षा के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगा तथा हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भानेश साकुरे / 23 मई 2026