- घायलों को अस्पताल लाया गया। शाजापुर (ईएमएस)। जिले के सुंदरसी थाना क्षेत्र स्थित इंदौर बड़ोदिया गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। देर रात खेत पर सो रहे दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने खौफ पैदा करने के लिए पहले युवकों के पैरों पर गोलियां दागीं और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। खून से लथपथ घायलों ने इस हमले का आरोप गांव के सरपंच और उसके साथियों पर लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान रवि 25 पिता रोडू सिंह और लालसिंह 27 पिता भारत सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक रात के समय अपने खेत पर सो रहे थे। घायलों के मुताबिक, रात करीब 3 बजे कुछ लोग वहां आ धमके और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पैरों में गोली लगने और मारपीट से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों को फोन कर दी सूचना, अस्पताल में भर्ती हमले के बाद दोनों घायलों ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल लेकर आए। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है। घायल रवि और लालसिंह ने गांव के सरपंच पर अपने साथियों के साथ मिलकर हमला करने का आरोप लगाया है। पीडि़तों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार को भी उनके साथ मारपीट की गई थी और देर रात फिर से उन पर यह जानलेवा हमला किया गया। घायल रवि के मामा रामसिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि इस हमले की मुख्य वजह गांव की पुरानी चुनावी रंजिश है, जिसके चलते यह खूनी संघर्ष हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सुंदरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनीषा शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों और तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 23 मई 2026