क्षेत्रीय
23-May-2026
...


टूटे पड़े बिजली बोर्ड। शाजापुर (ईएमएस)। शहर में इन दिनों अंडरग्राउंड बिजली के तार चुराने वाले बदमाशों की सक्रियता बढ़ गई है। यही कारण है कि बीते 24 घंटे के अंदर चोरों ने कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर धावा बोलकर सनसनी फैला दी है। अज्ञात बदमाशों ने जहां दो निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर कीमती तार पार कर दिए, वहीं एक शासकीय स्कूल के ताले चटकाकर पूरी वायरिंग साफ कर दी। एक के बाद एक लगातार हुई इन वारदातों के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अस्पताल के पीछे निर्माणाधीन मकान में पहली वारदात मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना 22 मई को सरदार पटेल हॉस्पिटल के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में हुई। फरियादी अमित कुमार नायक ने शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने मकान में घुसकर अंडरग्राउंड बिजली फिटिंग के तार काट लिए और चोरी कर ले गए। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। विराज सिटी में 20 हजार के तारों पर किया हाथ साफ चोरी की दूसरी वारदात उसी दिन शहर के पॉश इलाके विराज सिटी क्षेत्र में सामने आई। यहां विजय कुमार गामी के निर्माणाधीन मकान में देर रात बदमाश ने घुसकर अंडरग्राउंड बिजली फिटिंग के तार काटे और उन्हें बोरी में भरकर ले जाने का प्रयास किया। चुराए गए तारों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने लक्ष्मीनगर निवासी सोनू खान को आरोपी बनाया है। बदमाशों ने केवल सूने मकानों को ही नहीं, बल्कि शिक्षा के मंदिर को भी अपना निशाना बनाया। तीसरी घटना शासकीय माध्यमिक विद्यालय महूपुरा में हुई। बदमाशों ने रात के अंधेरे में स्कूल के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर बिजली के बोर्ड और वायरिंग को बुरी तरह नुकसान पहुंचाते हुए महंगे तार चोरी कर लिए। सुबह जब स्कूल का स्टाफ पहुंचा तो वारदात का पता चला, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने घटना की शिकायत पुलिस को दे दी है। शहर में महज 24 घंटे के भीतर हुई इन तीन वारदातों के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लक्ष्मीनगर निवासी सोनू खान को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपी से थाने में सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन वारदातों में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है तथा शहर में हुई चोरी की अन्य वारदातों में भी उसकी कोई भूमिका है या नहीं। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 23 मई 2026