गुरुवार सुबह 8 बजे ईदगाह में अदा की जाएगी मुख्य नमाज एसडीएम की अपील, खुले में न करें कुर्बानी, प्रशासन को दें सहयोग - समाजजनों से चर्चा करते अधिकारी। शाजापुर (ईएमएस)। त्याग, बलिदान और आपसी भाईचारे के पवित्र पर्व ईद उल-अजहा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 मई 2026, गुरुवार को मनाए जाने वाले इस त्योहार को पूरे उत्साह, उल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से बीते दिन एबी रोड स्थित थाना कोतवाली परिसर में एसडीएम मनीषा वास्कले की अध्यक्षता में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम मनीषा वास्कले ने प्रशासन और समाज के बीच सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम का प्रतीक है, इसे सभी मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए हिदायत दी कि कुर्बानी खुले में न की जाए और इसके अवशेष इधर-उधर बिल्कुल न फेंके जाएं। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका को सख्त निर्देश दिए कि वह अवशेषों के उचित निस्तारण और शहर की साफ-सफाई के लिए एक विशेष टीम का गठन करे, जो कस्बे में सफाई व्यवस्था पर पैनी नजर रखे। इस मौके पर शहर काजी रहमत उल्लाह साहब ने प्रशासन को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मांग की कि ईद के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और एक दिन पहले से ही पेयजल की पर्याप्त सप्लाई शुरू कर दी जाए। साथ ही, उन्होंने सभी धार्मिक स्थलों के बाहर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने और नगर पालिका के कचरा संग्रह वाहनों के फेरे तीन दिन तक बढ़ाने की बात भी कही। इन सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारी को कचरा वाहनों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने आश्वस्त किया कि ईद का पर्व पूरी शांति के साथ संपन्न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने समाजजनों से निर्भीक होकर उल्लास के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन का उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। नमाज और कुर्बानी के संदर्भ में शहर काजी रहमत उल्लाह साहब ने बताया कि कुर्बानी मुसलमानों का धार्मिक कर्तव्य है, जिसे नमाज के बाद घरों में पुरानी परंपराओं के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार प्रातः 7.30 बजे समाजजन गिरवर स्थित ईदगाह मस्जिद में एकत्रित होंगे और निर्धारित समयानुसार ठीक 8 बजे ईद की मुख्य नमाज अदा की जाएगी। बैठक में समाज के वरिष्ठ मौजूद रहे। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 23 मई 2026