क्षेत्रीय
23-May-2026
...


पेड़ों की छंटाई की जा रही है शाजापुर (ईएमएस)। आगामी मानसून के दौरान आंधी-बारिश में शहरवासियों को अघोषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग का सामना न करना पड़े, इसके लिए विद्युत विभाग ने अभी से कमर कस ली है। इसी कवायद के तहत शनिवार को शहर के मुरादपुर फीडर पर वृहद स्तर पर तकनीकी सुधार कार्य किया गया। हालांकि, इस प्री-मानसून मेंटेनेंस के चलते सुबह के व्यस्त समय में लगातार चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बारिश के मौसम में निर्बाध और सुरक्षित विद्युत सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए यह रखरखाव बेहद जरूरी था। ऐसे में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक मुरादपुर क्षेत्र की बिजली पूरी तरह बंद रखकर अमले ने लाइनों और ट्रांसफार्मर का मेंटेनेंस किया। इस दौरान सबसे अहम कार्य उन पेड़ों की टहनियों की छंटाई का रहा, जो विद्युत लाइनों को छू रही थीं। अमूमन तेज हवाओं में डालियां तारों से टकराकर शॉर्ट सर्किट या तार टूटने का कारण बनती हैं। बारिश के दौरान ऐसी किसी भी तकनीकी खराबी या हादसे को टालने के लिए कर्मचारियों ने योजनाबद्ध तरीके से लाइनों के आस-पास उगी डालियों को काटा और केबल्स को व्यवस्थित किया। सुरक्षा के लिहाज से भले ही यह कार्य आवश्यक था, लेकिन सुबह-सुबह हुई इस लंबी कटौती ने शहर के कई इलाकों की दिनचर्या बिगाड़ कर रख दी। सुबह के समय बिजली न होने से सबसे ज्यादा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ा। घरों में मोटर पंप चालू नहीं हो सके, जिससे छतों पर रखी टंकियां खाली रह गईं और महिलाओं के घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुए। इसके अलावा, सुबह से ही तीखी धूप और उमस होने के कारण पंखे-कूलर शो-पीस बनकर रह गए। चार घंटे तक बिजली का इंतजार करते हुए नागरिक गर्मी से पसीने में तरबतर और बेचौन नजर आए। सुबह 11 बजे के बाद जब लाइनों में करंट दौड़ा, तब जाकर शहरवासियों ने राहत की सांस ली। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 23 मई 2026