भोपाल/बांदा (ईएमएस)। मध्यप्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान एडीजी रेलवे राजाबाबू सिंह ने उत्तरप्रदेश के बांदा, हमीरपुर और महोबा जिलों में बढ़ते तापमान और पर्यावरण संकट को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और अगले 10 वर्षों तक बालू तथा पत्थर खनन ठेकों को बंद करने की मांग की है। राजाबाबू सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि बांदा अब दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल होता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि केन नदी, बेतवा नदी और अन्य प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद कुप्रबंधन और अवैध खनन के कारण क्षेत्र का पर्यावरण तेजी से बिगड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि केन नदी में हो रहे अवैध रेत खनन और पहाड़ियों में अवैध क्वेरिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही बांदा, महोबा और हमीरपुर में माइनर मिनरल्स, बालू और स्टोन क्वेरिंग के सभी ठेकों को अगले 10 सालों तक बंद किया जाए। राजाबाबू सिंह ने बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने और जैव विविधता को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध अधिकारियों की तैनाती की भी मांग की। आईपीएस अधिकारी ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक कार्यरत पुलिस अधिकारी हैं और सिविल सर्विस नियमों की मर्यादा में रहते हुए अपने गृह क्षेत्र के लिए यह भावुक अपील कर रहे हैं। सुबोध/२४ -०५-२०२६