राज्य
25-May-2026


-फर्जी दस्तावेजों के सहारे बनवाए पासपोर्ट और आधार कार्ड हावड़ा (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रमजान गाजी और उसकी पत्नी आरिफा बेगम के रूप में हुई है। 14 वर्षों से रह रहे थे अवैध रूप से पुलिस के अनुसार, यह दंपती पिछले 14 वर्षों से हावड़ा के जगाछा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उन्सानी माझेरपाड़ा इलाके में रह रहा था। रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर जगाछा थाना पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया। इस दौरान दंपती के चार बच्चे भी मौके पर मिले। इनमें से दो छोटे बच्चों को लिलुआ के बाल गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो बच्चों को उनकी मां के साथ रहने की अनुमति दी गई है। राशन कार्ड से पासपोर्ट तक का सफर प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रमजान और आरिफा ने कथित तौर पर दलालों की मदद से भारत-बांग्लादेश सीमा पार की थी। इसके बाद, वर्ष 2014 के आसपास उन्होंने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर भारतीय पहचान के सभी मुख्य प्रमाण-पत्र—जैसे राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड और यहाँ तक कि पासपोर्ट भी हासिल कर लिए थे। लोकसभा चुनाव में भी डाला था वोट पुलिस का दावा है कि इन फर्जी दस्तावेजों के दम पर दंपती ने पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान भी किया था। हालांकि, बाद में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे, जिस कारण वे हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं कर पाए। दलालों की तलाश में जुटी पुलिस फिलहाल, पुलिस ने दोनों के खिलाफ इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज बनवाने में किन दलालों या गिरोहों ने उनकी मदद की थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026