- शिवसेना को 4 तो एनसीपी को सिर्फ 1 सीट मिलने के संकेत मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में स्थानीय स्वराज्य संस्था क्षेत्र की विधान परिषद की 17 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार 18 जून को मतदान होगा, जबकि 22 जून को मतगणना की जाएगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही महायुति में सीट बंटवारे और रणनीति को लेकर बैठकों का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, महायुति के नए फॉर्मूले में शिवसेना शिंदे को 4 सीटें और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजित पवार को सिर्फ 1 सीट मिलने की संभावना है। वहीं भारतीय जनता पार्टी अपने हिस्से में 12 सीटें रखने पर अड़ी हुई है। जानकारी के अनुसार, हिंगोली-परभणी सीट पर शिवसेना शिंदे चुनाव लड़ सकती है। इसके अलावा ठाणे, नाशिक और यवतमाल की सीटें भी शिवसेना के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग की सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मिल सकती है। सूत्रों का कहना है कि पहले महायुति का फॉर्मूला भाजपा 12, शिवसेना 3 और एनसीपी 2 सीटों का था, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए भाजपा 12, शिवसेना 4 और एनसीपी 1 सीट पर सहमति बनने की जानकारी सामने आ रही है। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बीच आज या कल महत्वपूर्ण बैठक होने की संभावना है। इसी बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। दरअसल, राज्य में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव समय पर नहीं हो पाने के कारण विधान परिषद की कई सीटें पिछले करीब ढाई साल से खाली पड़ी हैं। नियमों के अनुसार यदि किसी स्थानीय स्वराज्य संस्था क्षेत्र में कुल मतदाताओं का 75 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध हो, तभी वहां चुनाव कराया जा सकता है। विधान परिषद की कुल 78 सीटों में से 22 सदस्य स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के जरिए चुने जाते हैं। इस बार जिन क्षेत्रों में चुनाव होंगे उनमें सोलापुर, अहमदनगर, ठाणे, जळगांव, नांदेड, सांगली-सातारा, यवतमाल, पुणे, भंडारा-गोंदिया, नाशिक और अमरावती शामिल हैं। - विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम इस प्रकार है- अधिसूचना जारी- 25 मई नामांकन की अंतिम तारीख- 1 जून नामांकन पत्रों की जांच- 2 जून नाम वापस लेने की अंतिम तारीख- 4 जून मतदान- 18 जून (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक) मतगणना- 22 जून संजय/संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस