नई दिल्ली (ईएमएस)। केरल में मानसून की दस्तक के बीच दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। तेज हवाओं और बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि मौसम विभाग ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर रखा था। केरलम में मानसून की एंट्री हो गई है। इधर दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश शुरू हो गई है। तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है। गुरुग्राम, नोएडा के अलावा दिल्ली के पटेल नगर, दिल्ली छावनी, करोल बाग, मॉडल टाउन, रोहिणी, छतरपुर, मालवीय नगर, महरौली, नजफगढ़, द्वारका, जनकपुरी, राजौरी गार्डन, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट समेत पूरे एनसीआर में बरसात हो रही है। गुरुवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम कार्यालय ने पहले ही गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में गुरुवार की सुबह, पालम में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। लोधी रोड पर यह 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। वहीं, रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है, जबकि आयानगर में यह 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। - नई दिल्ली/ईएमएस/04/ जून /2026