- 21 जून को दौरा प्रस्तावित, बोत्सवाना से आए चीतों को कर सकती हैं रिलीज भोपाल। मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क और यहां चल रहे ‘चीता प्रोजेक्ट’ को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मंच मिलने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगामी 21 जून को कूनो नेशनल पार्क का दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के इस बेहद खास और गरिमामयी दौरे को लेकर वन विभाग और स्थानीय जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने मध्य प्रदेश दौरे के दौरान 21 जून को कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी। संभावना जताई जा रही है कि वे 21 जून की रात कूनो में ही विश्राम करेंगी। इसके बाद, अगले दिन यानी 22 जून को वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी और वहां आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में शामिल होंगी। कूनो में राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम करीब 45 मिनट का प्रस्तावित है। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण चीतों की रिलीज को माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बोत्सवाना से लाए गए शेष चीतों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों कूनो के बड़े बाड़े या खुले जंगल में रिलीज कराए जाने की पूरी संभावना है। कूनो प्रबंधन और प्रशासन ने चीतों की इस रिलीजिंग को लेकर विशेष तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाएं हुई चाक-चौबंद महामहिम राष्ट्रपति के आगमन की सुगबुगाहट के साथ ही कूनो नेशनल पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए हेलीपैड, रुकने के इंतजाम और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी खुद पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूनो में चीतों को रिलीज कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की थी। अब राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे से कूनो में जारी चीता प्रोजेक्ट को वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर एक नई ऊर्जा और पहचान मिलेगी। - 04 जून 26