अदालत जल्द सुनाएगी सजा चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी धर्म मुनीश्वरन को दोषी करार दिया है। मामले की सुनवाई तूतीकोरिन जिला पॉक्सो अदालत में चल रही थी। कोर्ट ने कहा है कि दोषी को दी जाने वाली सजा का ऐलान जल्द किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, तूतीकोरिन जिले के विलाथिकुलम क्षेत्र के वेडनाथम गांव की रहने वाली प्लस-2 की छात्रा बीते 10 मार्च की रात शौच के लिए घर के पास जंगल क्षेत्र में गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन सुबह छात्रा का शव बरामद हुआ, जिसे बेरहमी से हत्या कर फेंका गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 विशेष टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पांच लोगों के डीएनए नमूने भी जांचे गए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने रामनाथपुरम जिले के सायलकुडी निवासी धर्म मुनीश्वरन को गिरफ्तार किया था। अदालत में सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने आरोपी को दोषी माना। इस सनसनीखेज मामले में अब सभी की नजरें अदालत द्वारा सुनाई जाने वाली सजा पर टिकी हैं। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा गया था।