- करंट और आग की चपेट में आने से हुआ बड़ा हादसा - पास में रखा था केरोसिन का डिब्बा जिससे आग फैली - कुछ दिनों से वॉटर हीटर में थी तकनीकी खराबी चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के तिरुत्तनी के निकट कुमाराकुप्पम इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बाथरूम में नहाने के दौरान इमर्शन वॉटर हीटर में हुए विस्फोट के बाद महिला गंभीर रूप से झुलस गई थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान उमा महेश्वरी (22) के रूप में हुई है, जो 27 वर्षीय सुधाकर की पत्नी थी। दंपती का डेढ़ साल का एक बेटा भी है। पुलिस के अनुसार, सुबह उमा महेश्वरी बाथरूम में गई थीं। इसी दौरान अंदर से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि उमा महेश्वरी आग की लपटों में घिरी हुई थीं। उन्हें तत्काल तिरुत्तनी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तिरुवल्लूर सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमर्शन वॉटर हीटर में विद्युत रिसाव (इलेक्ट्रिकल लीकेज) के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। बताया जा रहा है कि हीटर के पास रखा मिट्टी तेल (केरोसिन) का डिब्बा भी आग की चपेट में आ गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले सुधाकर अपनी पत्नी को मंदिर उत्सव में जाने के लिए तैयार होने को कहकर घर के पास एक दुकान पर सामान लेने गया था। परिवार के सदस्यों ने भी पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से वॉटर हीटर में तकनीकी खराबी आ रही थी। हालांकि मृतका के पिता पलानी ने तिरुत्तनी थाने में शिकायत दर्ज कर अपनी बेटी की मौत पर संदेह जताया है और मामले की गहन जांच की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) भी मामले की अलग से जांच कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच में जुटी हुई है। - ईएमएस 25 मई 2026