राष्ट्रीय
25-May-2026


अब ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ 2 जून को पैनल बैठक में होगा फैसला चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन द्वारा 25, 26 और 27 मई को घोषित तीन दिन की हड़ताल और सीएम आवास के बाहर धरना स्थगित कर दिया है। यह फैसला ट्रांसपोर्ट मंत्री और वित्त मंत्री के साथ 2 जून को होने वाली पैनल बैठक तय होने के बाद लिया गया। हड़ताल स्थगित होने से बस में यात्रा करने वालों यात्रियों को राहत मिली है। जानकारी के मुताबिक बैठक में अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने, ठेकेदारी प्रथा खत्म करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और पहले से मानी गई मांगों को लागू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही निजी बसों को बंद कर विभाग की अपनी बसें चलाने की मांग भी उठाई जाएगी। यूनियन ने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को रद्द करने और पिछले 6 महीनों से जेल में बंद साथियों की रिहाई को लेकर भी सरकार से बातचीत जारी है। जत्थेबंदी ने चेतावनी दी है कि यदि 2 जून की बैठक में मांगों का समाधान नहीं निकला या जेल में बंद साथियों को रिहा नहीं किया गया, तो बैठक के तुरंत बाद दोबारा हड़ताल और धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 25मई26