राष्ट्रीय
25-May-2026


ईमेल में धमाकों का समय भी बताया, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट लुधियाना,(ईएमएस)। राजस्थान के लुधियाना में उस वक्त भारी सनसनी फैल गई जब लुधियाना नगर निगम के उच्च अधिकारियों के सरकारी कंप्यूटरों पर एक धमकी भरा ईमेल आया। इस ईमेल ने पूरे प्रशासनिक और पुलिस अमले के होश उड़ा दिए। ईमेल में किसी छोटे-मोटे ठिकाने को नहीं, बल्कि लुधियाना के मेयर ऑफिस और मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह ईमेल सोमवार सुबह नगर निगम कमिश्नर और अन्य आला अधिकारियों की सरकारी आईडी पर भेजा गया, जिसके बाद से ही पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमकी देने वाले ने दोपहर को मेयर ऑफिस और रात को दिलजीत का घर उड़ाने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7:28 बजे सरकारी सिस्टम पर आया ईमेल का सब्जेक्ट बम्ब ब्लास्ट- मे आफिस लुधियाना रखा गया। सिरफिरे हमलावरों ने इस ईमेल में धमाकों का बकायदा समय भी तय कर रखा है। ईमेल के मुताबिक दोपहर ठीक 1:11 बजे लुधियाना के मेयर पर हमला करने की बात कही गई। इसके ठीक बाद रात 9:11 बजे मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर को बम धमाके से उड़ाने की खौफनाक चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, धमकी देने वालों ने बेहद तल्ख लहजे में स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि कोई भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, मारा जाएगा। इस धमकी भरे पत्र में 1984 के सिख दंगों का हवाला दिया गया है। ईमेल में साफ तौर पर खून का बदला खून की बात लिखी है। दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश करते हुए धमकी देने वालों ने साफ लिखा है कि आगामी 6 जून तक लगातार बम धमाकों के जरिए कई ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। इस अल्टीमेटम के बाद खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इस संवेदनशील और सनसनीखेज ईमेल के अंत में इसे भेजने वाले संगठन का नाम खालिस्तान नेशनल आर्मी लिखा गया है। इसके साथ ही खुद को इस संगठन से जुड़ा बताने वाले दो चेहरों के नाम भी नीचे दर्ज हैं, जिनमें इंजीनियर गुरनख सिंह और डॉ. गुरनिरवैर सिंह लिखा है। रिपोर्ट के मुताबिक एक साथ मेयर और दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद लुधियाना पुलिस महकमा और साइबर सेल की टीमें एक्शन में आ गई हैं। इस धमकी को बेहद गंभीरता से लेते हुए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और सेंडर के मुख्य सोर्स को ट्रेस करने की त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शहर की शांति भंग करने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। सिराज/ईएमएस 25मई26