राष्ट्रीय
25-May-2026


पिता का दावा-नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने से मानसिक तनाव में थी लातूर,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के लातूर जिले के सूबे गोंडेगांव इलाके में रहने वाली 18 साल की एक छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। वह किसान की बेटी थी। मृतका के पिता का दावा है कि नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद से उनकी बेटी भारी तनाव से गुजर रही थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि यह दर्दनाक घटना 16 मई की सुबह की है। जहा छात्रा ने अपने ही खेत में पेड़ से फांसी लगा ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ की रिपोर्ट दर्ज की है आगे की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक रविवार को पुलिस को दिए बयान में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी का सपना डॉक्टर बनने का था। उसने कहा था कि अच्छी तैयारी करने और परीक्षा में संतोषजनक प्रदर्शन करने के बावजूद, परीक्षा रद्द होने की वजह से वह परेशान हैं। वह अपने भविष्य को लेकर चिंतित थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इस तनाव को बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने यह खतरनाक कदम उठाया। बता दें नीट-यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों पर किया गया था। इस परीक्षा के लिए करीब 23 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा होने के कुछ ही दिनों बाद पेपर लीक और धांधली की शिकायतें सामने आईं। पेपर लीक से जुड़ी जांच और कई तरह की रिपोर्ट्स आने के बाद, सरकार ने 7 मई को नीट परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। अब इस परीक्षा को दोबारा 21 जून को करवाने का फैसला लिया गया है। सिराज/ईएमएस 25मई26