वाराणसी (ईएमएस) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग आज के समय का सबसे बड़ा उद्योग क्षेत्र है, जिसमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।हमारा प्रयास होगा कि अधिक से अधिक युवाओं को या जो लोग स्वरोजगार करते हैं उनको उनके पारंपरिक रोजगार या उनके पसंदीदा रोजगार में उन्हें संसाधन मुहैया कराकर बैंक से ऋण इत्यादि उपलब्ध कराकर, उन्हें रोजगार की ओर अग्रसर किया जा सके एवं उनका आर्थिक स्वावलंबन किया जा सके। यह विचार उत्तर प्रदेश सरकार में नव मनोनीत सूक्ष्म,मध्यम एवं लघु उद्योग मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने आज वाराणसी में एक सम्मान समारोह में व्यक्त किया।मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग, जिला उद्योग केंद्र इत्यादि के माध्यम से महिलाओं व युवा पीढ़ी को उनकी रुचि के अनुसार उचित तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए तथा प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें बैंक द्वारा ऋण उपलब्ध कराकर कर उन्हें तकनीकी सहायता देकर रोजगार दिया जाए। इससे उनका आर्थिक स्वालंबन हो सकेगा। प्रदेश सरकार बड़े पैमाने पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के क्षेत्र में लोगों को रोजगार भी दे रही है।लोगों को प्रशिक्षण भी दे रही है तथा महिलाओं को जागरुक भी कर रही है जिससे कि नई पीढ़ी रोजगार की तरफ अग्रसर हो। उनके अंदर कौशल का विकास हो तथा जितने भी ड्रॉप आउट छात्र-छात्राएं हैं वह संसाधन संपन्न होकर रोजगार की तरफ अपनी अभिरुचि को बढ़ाएं। मंत्री नें कहा कि प्रदेश सरकार का यह भी प्रयास है कि जो लोग पारंपरिक पेसे से जुड़े हुए हैं, जैसे कास्ट कला, माटी कला, लोहरी, बढ़ई गिरी, चर्मकला इत्यादि रोजगारों को बढ़ावा दिया जाए, इनमें उच्च प्रशिक्षण दिया जाए। लोगों को उच्च स्तर का तकनीकी सहयोग दिया जाए और उसके लिए सरकार सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्योग, श्रम व रोजगार मंत्रालय इत्यादि कई विभागों को मिलाकर एक कार्य योजना पर विचार कर रही है, जिससे कि अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवा पीढ़ी को रोजगार दिया जा सके। कार्यक्रम में बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, सर्जरी विभाग के प्रो. एस के भारतीय, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारु प्रधान, आर के निगम, कन्हैया सिंह पटेल, अजीत सिंह, राजन दीक्षित, सत्यनारायण, अभय विश्वकर्मा, जितेंद्र पटेल, राजकुमार,गीता देवी, मनोरमा, अनीता देवी, सुभाष,मनसा, बांकेलाल इत्यादि ने माल्यार्पण कर मंत्री का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन सभासद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने किया। वाराणसी / ईएमएस/ 25 मई, 2026