राज्य
25-May-2026


बादलों के बीच 43.9 डिग्री पर पहुंचा पारा, उमस ने किया बेचैन जबलपुर (ईएमएस)। नौतपा के पहले ही दिन सूर्यदेव ने जमकर कहर ढाया। आसमान से आग बरसी। तपती गर्मी से लोग परेशान हो उठे। दोपहर बाद जरूर आसमान पर हलके बादल छाये। तब जाकर लोगों को चलने फिरने में राहत हुई। दोपहर 3 बजे तक धूप चुभ रही थी और गर्म लू के थपेड़े शरीर को चहका रहे थे। धूल और पंखे सब दम तोड़ चुके। भीषण गर्मी और उमस से हवाओं में भी शीतलता खत्म हो चुकी थी। लिहाजा कूलर पंखे भी गर्म हवा दे रहे थे। गर्म हवाओं के साये में शहर के जनजीवन की रफ्तार में ब्रेक लग गया। दोपहर में सड़कें सूनी हो गई थीं और सोमवार को भी पारा आसमान पर रहा। आसमान में बादलों के छाने और पश्चिमी हवाओं के झंझावात के बीच उमस ने अपना डेरा जमा रखा था। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को नौतपा के पहले दिन शहर भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। गौरतलब है कि सोमवार 25 मई से नौतपा प्रांरभ हो गया। यद्यपि मौसम विज्ञान नौतपा को गर्मी से जोड़कर नहीं देखता लेकिन ज्योतिष विज्ञान के मुताबिक ग्रहों की दशा उनके प्रवेश से सूर्य की प्रखरता निर्भर करती है। सूर्योदय सुबह 5.25 मिनिट पर और सूर्यास्त शाम 6.49 मिनिट पर हुआ। पश्चिमी हवायें 5 से 6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में सबसे अधिक 45.05 डिग्री तापमान नवगांव (छत्तरपुर) में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.02 डिग्री सेल्सियस था। जिले में लू चलने की संभावना| सुनील साहू / मोनिका / 25 मई 2026/ 06.11