इन्दौर (ईएमएस) निगम वार्ड क्रमांक 75 के कांग्रेसी पार्षद कुणाल सोलंकी और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पार्षद द्वारा पानी को लेकर किए गए आंदोलन के दौरान चक्काजाम करने पर पुलिस ने उनके खिलाफ यह मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि चक्काजाम के वीडियो देखकर और भी लोगों पर मामले दर्ज किए जाएंगे। बता दें कि वार्ड क्रमांक 75 के कांग्रेसी पार्षद कुणाल सोलंकी ने कल पानी की समस्या को लेकर क्षेत्रीय रहवासियों के साथ पालदा नाका तिराहे पर धरना दिया था। इस दौरान उन्होंने वार्ड क्रमांक 64 में भी पानी की समस्या बताई और कहा कि वहां के पार्षद द्वारा लोगों की समस्याएं नहीं सुनी जा रही हैं, इसलिए उस वार्ड के भी लोग यहां धरना देने आए हैं। धरने के दौरान आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया और नेमावर रोड से निकलने वाले वाहनों को रोक दिया था जिसके चलते करीब दो घंटे तक दोनों ओर वाहन फंसे रहे। इस कारण काम-धंधे पर जाने वाले लोगों को बहुत परेशानी हुई। इस चक्का जाम के दौरान जब पुलिस पार्षद और उनके साथियों को उठाने पहुंची तो एक हैरतअंगेज घटनाक्रम में पार्षद ने एक पुलिस अधिकारी के पैर पकड़ लिए और उनसे पानी की मांग की थी जो कि मीडिया सुर्खी बन गई थी। इस मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज देखने के बाद एफआईआर में आंदोलन करने वालों के नाम बढ़ाए जाने का कहते फिलहाल पार्षद कुणाल सोलंकी, राकेश सिलावट, दौलत पटेल, तारा पटेल सहित 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आनंद पुरोहित/ 25 मई 2026