राज्य
25-May-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा, शोध और जनस्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पंकज गोयल को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा प्रो. (डॉ.) पंकज गोयल के हिंदी लेख “महिलाओं एवं वृद्धजनों में मौखिक स्वास्थ्य का रखरखाव” को पुरस्कृत किया गया है। उनका यह लेख देशभर से प्राप्त प्रविष्टियों में शीर्ष तीन श्रेष्ठ लेखों में चयनित हुआ। यह लेख मंत्रालय की वार्षिक गृह पत्रिका “स्वास्थ्य सृजन” के वर्ष 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए प्रो. (डॉ.) पंकज गोयल को 3 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। यह लेख महिलाओं और वृद्धजनों में मौखिक स्वास्थ्य की देखभाल, जागरूकता और नियमित दंत परीक्षण की आवश्यकता पर केंद्रित है। लेख में मौखिक स्वास्थ्य को समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए आमजन को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई है। कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने इस उपलब्धि पर प्रो. (डॉ.) पंकज गोयल को बधाई देते हुए कहा कि एम्स भोपाल के चिकित्सक और विशेषज्ञ न केवल चिकित्सा सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, बल्कि जनस्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाती हैं। हरि प्रसाद पाल /25 मई, 2026