क्षेत्रीय
25-May-2026
...


ग्राइंडर मशीन की चपेट में आने से मिस्त्री गंभीर घायल, दोनों हाथों की नसें कटीं — सीएचसी बिंदकी से हैलट अस्पताल कानपुर रेफर फतेहपुर (ईएमएस)। काम के दौरान अचानक ग्राइंडर मशीन चलने से एक मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों हाथों की नसें कट गईं, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के मोहल्ला खरियाही मंदिर, घियाही गली के समीप एक मकान में मिस्त्री गोरेलाल (28) पुत्र बुद्धिलाल निवासी ग्राम गौसपुर थाना कल्याणपुर ग्राइंडर मशीन से लकड़ी काटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और नसें कट गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मिस्त्री को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। शीबू खान/ ईएमएस 25 मई, 2026