क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- शिवपुरी का प्रगति बाजार बना ‘दुर्गति बाजार’, व्यापारी बोले- सीवर युक्त पानी पीने को मजबूर - न नपा सुन रही, न नेता आ रहे: प्रगति बाजार में अंधेर नगरी जैसे हालात शिवपुरी (ईएमएस)। शहर के बीचों-बीच स्थित प्रगति बाजार सिर्फ नाम का ‘प्रगति बाजार’ रह गया है। दो साल पहले पानी की पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क आज तक नहीं बनी। हालात गांव की गलियों से भी बदतर हैं। लाखों की पूंजी लगाकर व्यापार कर रहे दुकानदार और स्थानीय निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि न नगर पालिका सुन रही है और न ही नेता-प्रशासन। हालात अंधेर नगरी जैसे हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि फूटी पाइप लाइन में सीवर का पानी मिल रहा है और लोग वही पानी पीने को मजबूर हैं। सड़क की गिट्टी उचटकर दुकानों में घुस रही है, कांच फोड़ रही है। धूल से सामान खराब हो रहा है और लोग बीमार पड़ रहे हैं। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। ऑटो चालकों का कहना है कि डेढ़ साल चलने वाले टायर अब 8-10 महीने में खराब हो रहे हैं। इस बाजार की दुकानदारों का कहना है कि डेढ़ साल पहले नाली बनाने के नाम पर चबूतरे तोड़े गए, लेकिन आज तक नाली नहीं बनी। पूर्व पार्षद मंजू गर्ग ने कहा कि उनकी पत्नी कविता गर्ग के पार्षद रहते से सड़क के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। अब वह सांस की बीमारी से पीड़ित हैं, पर सुनवाई नहीं हो रही। इस बाजार के परेशान दुकानदारों का कहना है कि धूल से पूरा सामान खराब हो रहा है, लगातार बीमारियां हो रही हैं। स्थानीय लोग जनभागीदारी से सड़क बनवाने को तैयार हैं, लेकिन नपा और पार्षद सुनने को तैयार नहीं। एक ऑटो चालक ने बताया कि रोज गिट्टी उचटकर कांचों में लगती है, वाहन चालक घायल हो रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द सड़क और पाइप लाइन सुधारने की मांग की है। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/25/05/2026