क्षेत्रीय
25-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 अभियान के तहत रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 8 क्षेत्र में टाटीबंध स्थित एम्स अस्पताल के सामने निगम उद्यान परिसर में नए स्वरूप वाले आरआरआर सेंटर का शुभारंभ किया गया। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत तथा महापौर मीनल चौबे ने निगम आयुक्त संबित मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल सहित निगम अधिकारी एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। नगर निगम द्वारा आरआरआर सेंटर के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराया गया है, जो जोन 8 के सातों वार्डों में जाकर घरों और दुकानों से अनुपयोगी वस्तुओं का संग्रह करेगा। इन वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सेंटर में महिलाओं के लिए सिलाई मशीन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे उन्हें प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर मिल सकें। इस केंद्र का संचालन मां शीतला महिला स्वसहायता समूह द्वारा किया जाएगा। आरआरआर सेंटर में पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं को व्यवस्थित रखने की सुविधा दी गई है। यहां बर्तन बैंक और झोला बैंक भी शुरू किए गए हैं, जिससे पुन: उपयोग और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा।महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आरआरआर (रीड्यूस, रीयूज, रीसायकल) ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण अवधारणा है, जिससे कचरा कम करने, संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा मिलता है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मई 2026