धनबाद(ईएमएस)।डीवीसी प्रबंधन द्वारा किसी एजेंसी के माध्यम से डीवीसी में सुरक्षा हेतु नियुक्ति प्रक्रिया होने वाली है।इसे लेकर मैथन क्षेत्र के छः मुखियाओं ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन दिया है।जिसमे कहा गया है कि सुरक्षा गार्ड में डीवीसी के विस्थापित एवं स्थानीय बेरोजगार को नियुक्त किया जाए।इस संबंध मे डीवीसी के अधिकारियों को पहले भी कहा गया है। उन्होंने कहा है कि यदि प्रबंधन स्थानीय एवं विस्थापितों को सुरक्षा गार्ड में नियुक्ति नहीं करती है तो आंदोलन किया जाएगा।कालीपहाड़ी उत्तर पंचायत के मुखिया बबलू चौधरी, कालीमाटी पंचायत की मुखिया रोबोनी हेंब्रम, आमकूड़ा पंचायत की मुखिया कंचन महतो, कालीपहाड़ी पूरब पंचायत के मुखिया अजय मुर्मू सहित अन्य ने परियोजना प्रमुख को दिए पत्र में कहा है कि 11 मई को अध्यक्ष कैंप हाउस मैथन में महाप्रबंधक के साथ बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की उपस्थिति में एक बैठक हुई थी।बैठक में उप महा प्रबंधक मानव संसाधन तापस राय, एटक ट्रेड यूनियन के नेता अशोक मंडल, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत बनर्जी के अलावा विस्थापित एवं अन्य उपस्थित थे. बैठक के दौरान अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ यह जानकारी दी गई थी डीवीसी मैथन द्वारा निजी एजेंसी के माध्यम से पूर्व सैनिकों की श्रेणी से सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की जाएगी। हम केवल भूतपूर्व सैनिकों की श्रेणी से सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति का कड़ा विरोध करते हैं। मैथन परियोजना के विस्थापित एवं स्थानीय लोगों का एक बड़ा वर्ग जो वर्षों से डीवीसी में पर्याप्त रोजगार का अवसर नहीं मिलने के कारण रोजगार से वंचित हैं।डीवीसी निजी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति करने जा रही है।स्पष्ट रूप से हमारी मांगी है की सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति केवल मैथन के विस्थापित एवं स्थानीय लोगों से किया जाए।इन लोगों को प्रथम प्राथमिकता देते हुए इसकी व्यवस्था की जाए. मैथन परियोजना की स्थापना के लिए विस्थापित परिवारों ने अपनी भूमि, आजीविका एवं भविष्य का बलिदान दिया है।पत्र की प्रतिलिपि सांसद धनबाद, विधायक निरसा, विधायक बाघमारा सहित अन्य को भी दिया गया है। कर्मवीर सिंह/25मई/26