रांची(ईएमएस)।गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने झारखंड हाइकोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) की वरीयता सूची में बड़ा बदलाव किया है। अधिसूचना के अनुसार जेपीएससी की चौथी बैच परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता सूची का पुनर्निर्धारण किया गया है।इसके बाद कई अधिकारियों की वरीयता बदल गयी है। कुछ अधिकारी प्रोन्नत हुए हैं, जबकि कुछ को पदावनत कर मूल कोटि में वापस भेज दिया गया है।संशोधित वरीयता सूची के आधार पर नौ पुलिस उपाधीक्षकों को सीनियर डीएसपी (पे मैट्रिक्स लेवल-11) के पद पर प्रोन्नति दी गयी है। प्रोन्नति पाने वालों में नाजीर अख्तर (एसडीपीओ बसिया), प्रवीण कुमार सिंह (एसडीपीओ चास), मनीष कुमार (डीएसपी रेल, चक्रधरपुर), नीरज कुमार (एसडीपीओ गढ़वा), मो. मुजीबुर रहमान (डीएसपी विशेष शाखा), विकास आनंद लागुरी (एसडीपीओ जामताड़ा), अनुज उरांव (डीएसपी सिल्ली), प्रदीप पॉल कच्छप (डीएसपी एटीएस) और अमित कुमार कच्छप (एसडीपीओ जरमुंडी) शामिल हैं।वहीं, वरीयता क्रम में नीचे चले जाने के कारण सीनियर डीएसपी रैंक के नौ अधिकारियों को वापस डीएसपी की मूल कोटि में भेज दिया गया है। इनमें सुमित कुमार (डीएसपी सीसीआर धनबाद), पुरुषोत्तम कुमार सिंह (एसडीपीओ बाघमारा), दीपक कुमार, ज्ञान रंजन और सुनील कुमार रजवार (तीनों डीएसपी झारखंड जगुआर), विजय कुमार महतो (एसडीपीओ दुमका), कौशर अली (डीएसपी मुख्यालय-2 गिरिडीह), संजीव कुमार बेसरा (डीएसपी सदर रांची) तथा जीतवाहन उरांव (एसडीपीओ गिरिडीह) शामिल हैं।विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई झारखंड हाइकोर्ट में दायर रिट याचिका में पारित आदेश के आलोक में की गयी है। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि विज्ञापन संख्या 11/2010 के तहत आयोजित जेपीएससी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही वरीयता सूची तैयार की जाये और उसी अनुरूप प्रोन्नति का लाभ दिया जाये।विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। कर्मवीर सिंह/25मई/26