आज मॉनसून का इंतजार होगा खत्म नई दिल्ली,(ईएमएस)। झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे भारत के अधिकांश राज्यों को मॉनसून का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विभाग ने पहले अनुमान जताया था कि मॉनसून मंगलवार तक केरल में दस्तक दे सकता है। हालांकि, केरल सहित दक्षिण भारतीय राज्यों में झमाझम बारिश का दौर लगातार जारी है, लेकिन मॉनसून के आधिकारिक आगमन को लेकर अभी घोषणा नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अरब सागर के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान के बचे हुए क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर मॉनसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां बेहतर हो रही हैं। संकेतों से स्पष्ट है कि केरल पहुंचने में मॉनसून को थोड़ा और समय लग सकता है, वैसे राज्य में इसकी एंट्री की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है। भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर-पश्चिम भारत के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग की संभावनाओं के मुताबिक आगामी 28 और 29 मई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मई को हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है। वहीं, राजस्थान में भी 28 और 29 मई को बारिश की संभावना बनी हुई है। देश के अन्य हिस्सों जैसे बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश के आसार हैं। ऐसा ही मौसम अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 29 से 31 मई के बीच देखा जा सकता है, जबकि झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है। दूसरी तरफ केरल के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावनाओं को देखते हुए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा और एर्नाकुलम सहित चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल, लक्षद्वीप और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश के आसार हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार को भीषण गर्मी की चपेट में रही, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में लगभग 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली में लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/26मई 2026