- कोरबा-चांपा सड़क मार्ग पर हुआ हादसा - बस चालक घटना स्थल से हुआ फरार कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग में उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे एक सड़क हादसा हो गया। एक बस ने एक बाइक पर सवार लोगों को जानलेवा टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई और दो अन्य गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने 112 की मदद से घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा। जिनका इलाज चल रहा है। मृतक और घायल सभी कोरबा इमलीडुग्गू बस्ती के निवासी बताये जा रहे हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप लगाते हुए कहना है कि सड़क के दोनों तरफ कोयला लोड ट्रेलरों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई बार भारी वाहन गलत दिशा में भी खड़े हो जाते हैं, जिससे यहां आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने आगे यह भी बताया कि एक दिन पहले ही इस सड़क पर जाम और अव्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी और हादसे की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बाद भी किसी विभाग ने कोई नहीं की। हादसे के बाद चालक बस लेकर घटना स्थल से फरार हो गया। 26 मई / मित्तल