- मोबाइल सिम से सुलझी पहचान की गुत्थी - पुलिस को आत्महत्या किए जाने का शक पश्चिमी सिंहभूम (ईएमएस)। जिले के सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआत में दोनों शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण मामला रहस्यमय बना हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक बैग, कई रेलवे टिकट और युवक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला। हालांकि मोबाइल बंद होने के कारण पहचान करने में कठिनाई हो रही थी। पुलिस ने मोबाइल का सिम कार्ड निकालकर दूसरे फोन में लगाया और उससे संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक के परिजनों का फोन आने से पहचान की गुत्थी सुलझ गई। मृतकों की पहचान सोनुआ प्रखंड के भालूरूंगी गांव निवासी अर्जुन महतो और खुशबू महतो के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों प्रेमी युगल थे और 21 मई को घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, दोनों पहले राउरकेला पहुंचे और वहां से पुरी जाने के लिए ट्रेन का टिकट लिया था। बताया जा रहा है कि वे पुरी घूमने गए थे। लौटने के दौरान टाटानगर और चक्रधरपुर होते हुए सोनुआ पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सोनुआ थाना पहुंचे और पुलिस को दोनों की यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। - ईएमएस 26 मई 2026