क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- खेत में गेहूं काट रही महिला पर टूटा हाथी का कहर, मौके पर मौत - बच्चा भी पास में ही गिरा लेकिन हाथी ने उसे नुकसान नहीं पहुंचाया - हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर खदेड़ने में जुटा वन विभाग लोहरदगा (ईएमएस)। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के भैंसमुंदो गांव में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान बेदाल टंगरा टोली निवासी प्रतिमा कुमारी (22) के रूप में हुई है, जो कृष्णा उरांव की पत्नी थीं। जानकारी के मुताबिक प्रतिमा कुमारी सुबह अपने पति और दो बच्चों के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से दो हाथी गांव की तरफ आ गए। इनमें से एक हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया, जबकि दूसरा हाथी खेत तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे पटककर कुचल दिया। घटना के दौरान महिला का बच्चा भी पास में ही गिरा हुआ था, लेकिन हाथी ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। महिला को रौंदने के बाद हाथी आगे बढ़ गया। महिला के पति और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। ग्रामीण आनन-फानन में प्रतिमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, वन विभाग के अनुसार हाथी आमलिया जंगल से निकलकर बेदाल टंगरा टोली पहुंचा था और फिलहाल क्षेत्र में ही डेरा डाले हुए है। वन विभाग की टीम हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर खदेड़ने में जुटी हुई है। वनपाल मुकेश प्रजापति ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 30 हजार रुपये दिए गए हैं। साथ ही सरकारी प्रावधान के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026