क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- नेता के पीए बनकर ठग ने ऐंठे 10 हजार रुपए रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब शातिर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताकर विश्वास में लिया और डीजल भरवाने के नाम पर पैसे मांगकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा होने के बाद खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने खुद को संकट में फंसा हुआ बताते हुए तत्काल आर्थिक मदद की आवश्यकता होने की बात कही। आरोपी ने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में वाहन चालक से विवाद होने के कारण उसके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने डीजल भरवाने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कहकर मदद मांगी। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिनमें नितिन नवीन सहित कई नेताओं की तस्वीरें शामिल थीं। इसी वजह से उस पर आसानी से भरोसा हो गया और पूरी घटना को वास्तविक समझ लिया गया। आरोपी ने पहले करीब 4,500 रुपये की मांग की थी, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से उसके खाते में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिससे संदेह पैदा हुआ। विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि लगभग डेढ़ घंटे बाद जब फिर से पैसे मांगे गए तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने सोचा कि भुवनेश्वर यहां से काफी दूर है और इतनी कम अवधि में वहां पहुंचने की बात तर्कसंगत नहीं लग रही थी। इसके बाद उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क कर जानकारी ली। वहां से पता चला कि बताए गए नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत नहीं है। मामले की वास्तविकता सामने आने के बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी पहचान का सत्यापन करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पूरी जानकारी की पुष्टि अवश्य करें। - (ईएमएस) 26 मई 2026