क्षेत्रीय
26-May-2026
...


झाबुआ (ईएमएस) पुरुषोत्तम मास के अवसर पर जिला धर्म आराधनाओं से सरोबार होता हुआ दिखाई देता है। इस मौके पर जिले के विष्णु मंदिरों में विविध अनुष्ठान किए जा रहे हैं। कहीं हरिनाम संकीर्तन, कथा का आयोजन किया जा रहा है, तो कहीं शिव पुराण की कथा का वाचन किया जा रहा है। पुरुषोत्तम मास की एकादशी के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित श्री चारभुजानाथ मंदिर में बुधवार क़ो गुलाब जल से भगवान् चारभुजानाथ का अभिषेक कर 1000 तुलसी दल से विष्णु भगवान का अर्चन किया जाएगा। अधिक मास के पुण्यप्रद अवसर पर जिले के थान्दला जनपद क्षेत्र के काकनवानी में आयोजित शिव पुराण की कथा ने सोमवार को विराम लिया, जबकि अन्य अनेक मंदिरों में विविध धार्मिक आयोजन पूरे अधिक मास में आयोजित होंगे। मंदिर के पुजारी एवं विद्वान ज्योतिषाचार्य पंडित हिमांशु शुक्ल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर भगवान् श्री चारभुजानाथ का 101 किलो केसर युक्त गोदुग्ध से अभिषेक किया जाएगा, जबकि गुरुवार क़ो 1000 बिल्व पत्र से शिवार्चन तथा अमावस्या क़ो एक लाख बत्तीयो से श्रीभगवान की आरती उतारी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस मौके पर सोमवार को आयोजित विशेष पूजन अर्चन में भगवान् श्री चारभुजा नाथ को श्रीविष्णुसहस्त्रनाम में उल्लेखित एक हजार नामों के मंत्रोच्चार के साथ 1000 केसर आम समर्पित किए गए। जबकि इसी मंदिर में प्रतिष्ठित भगवान् श्री गणेशजी का दूर्वा एवं अक्षत से अर्चन किया गया। ईएमएस/ डॉ. उमेश चन्द्र शर्मा/26/5/2026/