क्षेत्रीय
26-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने IPL मैच पर सट्टा लिखते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी और मोबाइल फोन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार,पुलिस को सूचना मिली थी कि भारत टॉकीज के सामने, जो लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, कुछ लोग IPL मैच के दौरान हार-जीत पर सट्टा लिखने का काम कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनीष भौमिक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से IPL टीमों के नाम और दांव की रकम का हिसाब लिखा हुआ दस्तावेज बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 725 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब जब्त मोबाइल की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि एसएसपी शशि मोहन सिंह की पदस्थापना के बाद जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस ने कोलकाता से गोवा तक फैले सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 से अब तक जिले में 62 से अधिक सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके पास से 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, दो नोट गिनने की मशीन और लैपटॉप बरामद किए गए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियां समाज और युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही सट्टा खिलाने और खेलने वालों दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 26 मई 2026