- इस्तीफे के बाद बोले ईसाकी सुब्बैया: मतदाताओं के हित में लिया फैसला - उपचुनाव के बने आसार चेन्नई (ईएमएस)। । तमिलनाडु की राजनीति में सत्तारूढ़ टीवीके (टीवीके) के बढ़ते प्रभाव के बीच विपक्षी एआईएडीएमके को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक ईसाकी सुब्बैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले सोमवार को एआईएडीएमके के तीन विधायक इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो चुके हैं। सुब्बैया के इस्तीफे के बाद अब राज्य में एक और विधानसभा सीट पर उपचुनाव की संभावना बन गई है। अंबासमुद्रम विधानसभा क्षेत्र से विधायक ईसाकी सुब्बैया ने अपने इस्तीफे को जनता के हित में लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के मतदाता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और उन्होंने उन्हीं के कल्याण को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। सुब्बैया ने संकेत दिया कि वह जल्द ही अपने फैसले के पीछे के कारणों का विस्तार से खुलासा करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अवसर मिलने पर वह मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात करेंगे। ईसाकी सुब्बैया तिरुनेलवेली जिले की अंबासमुद्रम सीट से विधायक चुने गए थे। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार वी.पी. दुरई को 10,245 मतों के अंतर से हराया था। उन्हें कुल 65,589 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 55,344 और टीवीके उम्मीदवार एस. राजगोपाल को 53,611 वोट प्राप्त हुए थे। सुब्बैया इससे पहले 2011 में इसी सीट से जीतकर राज्य के कानून मंत्री भी रह चुके हैं। विधायकों के इस्तीफों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अप्पावु ने कहा कि इस मामले में जल्दबाजी की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की मांग वाली कई याचिकाएं पहले से लंबित हैं, इसलिए इस्तीफों पर विचार करते समय सभी कानूनी पहलुओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026