धमतरी (ईएमएस)। जिले के डोंगरडुला के पास एक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, छिपली निवासी वीरेश पटेल (16) अपने साथी दीपक विश्वकर्मा के साथ सोमवार दोपहर बाइक से डोंगरडुला से गांव छिपली लौट रहा था। इसी दौरान डोंगरडुला से कुछ दूरी पर उनकी बाइक एक वाहन से टकरा गई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे लगे तारों के घेराव में फंस गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रेफरल के दौरान ही रास्ते में 16 वर्षीय वीरेश पटेल ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल दीपक विश्वकर्मा का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की है। - (ईएमएस) 26 मई 2026