राष्ट्रीय
26-May-2026
...


-युवा कांग्रेस ने बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की नई मुहिम नई दिल्ली,(ईएमएस)। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बने ‘कॉकरोच’ शब्द को अब इंडियन यूथ कांग्रेस ने राजनीतिक अभियान का रूप दे दिया है। संगठन ने युवाओं से जुड़े मुद्दों—जैसे पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार—को लेकर ‘इंडियन यूथ कॉकरोच’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। युवा कांग्रेस का दावा है कि उसके कार्यकर्ता केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीन पर संघर्ष कर रहे हैं और इसके लिए जेल, मुकदमे तथा प्रशासनिक कार्रवाई तक झेल चुके हैं। युवा कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह अभियान संगठन के प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में शुरू किया गया है। संगठन ने इसे युवाओं के “सामूहिक प्रतिरोध” की आवाज बताया है। उदयभानु चिब ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल डिजिटल बहस तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता “असली कॉकरोच” की तरह हर कठिन परिस्थिति में युवाओं के मुद्दों के लिए मैदान में डटे रहे हैं। उनके मुताबिक, पेपर लीक विरोध प्रदर्शन, छात्र आंदोलन और रोजगार से जुड़े अभियानों में कार्यकर्ताओं ने लगातार संघर्ष किया है। युवा कांग्रेस का कहना है कि संगठन मुकदमों, जेल, धमकियों और बैंक खातों पर रोक जैसी कार्रवाइयों से डरने वाला नहीं है। हाल में आयोजित एआई समिट के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए संगठन ने दावा किया कि उसके कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपनी सक्रियता दिखाई है। अभियान के तहत सोशल मीडिया और एआई आधारित प्रचार के साथ-साथ जमीनी स्तर पर लामबंदी की रणनीति अपनाई जाएगी। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख मनु जैन ने कहा कि यह अभियान युवाओं के आक्रोश और जवाबदेही की मांग का प्रतीक बनेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संगठन ने ‘यूथ कॉकरोच डॉट ओआरजी’ नाम से एक डिजिटल मंच भी शुरू किया है। इसके जरिए देशभर के युवाओं को अभियान से जुड़ने और रोजगार, न्याय तथा पारदर्शिता के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। युवा कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन का रूप ले सकता है। हिदायत/ईएमएस 26मई26