पटना, (ईएमएस)। राष्ट्रीय जनता दल के (राजद) विधान पार्षद कारी मोहम्मद सोहैब ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की है। इन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को भारत का “राष्ट्रीय पशु” घोषित करने की मांग की है। इन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है तथा करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं। इन्होंने अपने पत्र में कहा कि भारतीय समाज में गाय का विशेष महत्व रहा है। गाय केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि कृषि, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण जीवन की आर्थिक मजबूती का भी आधार है। इन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि देशभर में गौ-संरक्षण को और मजबूत करने तथा भारतीय संस्कृति के सम्मान के लिए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने पर गंभीरता से विचार किया जाए। कारी सोहेब ने कहा कि इस निर्णय से देश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों में भारतीय परंपराओं एवं मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। संतोष झा- २६ मई/२०२६/ईएमएस