राज्य
26-May-2026


इन्दौर (ईएमएस) पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा इंदौर से मुंबई के बीच संचालित मुंबई सेंट्रल-इंदौर-मुंबई द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरों को एक बार फिर बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन मई के बजाय जुलाई के अंत तक संचालित होती रहेगी। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार ट्रेन संख्या 09085 मुंबई सेंट्रल-इंदौर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल, जिसका संचालन पहले 29 मई 2026 तक निर्धारित था, अब 27 जुलाई 2026 तक मुंबई सेंट्रल से चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होती है। वहीं ट्रेन संख्या 09086 इंदौर-मुंबई सेंट्रल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 30 मई 2026 तक तय था, अब 28 जुलाई 2026 तक इंदौर से चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को इंदौर से रवाना होती है। रेलवे के अनुसार ट्रेन पूर्व निर्धारित मार्ग, समय-सारणी, कोच कंपोजिशन और ठहराव के अनुसार ही संचालित होगी। इनमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन के विस्तारित फेरों की बुकिंग सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है। गर्मी की छुट्टियों के चलते यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। आनंद पुरोहित/ 26 मई 2026