:: जिले को मिला 340 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य, संत रविदास और डॉ. अम्बेडकर योजना के तहत होंगे आवेदन :: इंदौर (ईएमएस)। राज्य शासन द्वारा अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत वर्ग के युवाओं को उद्योग, व्यवसाय तथा सेवा इकाई की स्थापना के लिए 10 हजार रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक के ऋण का प्रावधान किया गया है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए इंदौर जिले को इन योजनाओं के अंतर्गत भौतिक लक्ष्य प्राप्त हो गए हैं। इस वर्ष तीन विभिन्न योजनाओं में जिले के कुल 340 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। :: संत रविदास स्वरोजगार योजना में 100 का लक्ष्य :: राज्य शासन के मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम भोपाल द्वारा इस वर्ग के उत्थान के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना क्रियान्वित की जा रही है, जिसमें इंदौर जिले को 100 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य मिला है। योजना के अंतर्गत उद्योग परियोजनाओं के लिए एक लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक तथा सेवा इकाई एवं खुदरा व्यवसाय हेतु एक लाख रुपये से लेकर 25 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। पात्रता व शर्तें : योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना के तहत वितरित या शेष ऋण पर 5 प्रतिशत की दर से ब्याज अनुदान अधिकतम 7 वर्षों तक नियमित ऋण भुगतान की शर्त पर देय होगा। :: डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना से सुधरेगी आर्थिक स्थिति :: इसी प्रकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत जिले में 240 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना में पात्र हितग्राहियों को 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की राशि सेवा इकाई एवं खुदरा व्यवसाय के संचालन हेतु उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आवेदक की उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह आयकर दाता नहीं होना चाहिए। इस योजना में वितरित या शेष ऋण पर 7 प्रतिशत की दर से ब्याज अनुदान अधिकतम 5 वर्षों तक नियमित ऋण भुगतान की शर्त पर दिया जाएगा। :: यहाँ करना होगा आवेदन :: उक्त दोनों योजनाओं के लाभ के इच्छुक अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदक जिले के किसी भी एम.पी. ऑनलाइन सेंटर पर जाकर आधिकारिक वेबसाइट https://samst.mponline.gov.in पर अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात आवेदकों को आवेदन की प्रति (हार्ड कॉपी) के साथ इंदौर कलेक्टोरेट कार्यालय स्थित जिला अंत्यावसायी कार्यालय के कमरा नंबर 205 में संपर्क करना होगा, ताकि पात्रता परीक्षण कर प्रकरणों को त्वरित स्वीकृति दी जा सके। प्रकाश/26 मई 2026