राज्य
26-May-2026
...


:: नगर निगम मुख्यालय में उमड़े शहरभर के फरियादी, लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज :: इंदौर (ईएमएस)। जनता की समस्याओं का समय पर और उचित निराकरण हो, इसे लेकर इंदौर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना गया। इस दौरान अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने खुद एक-एक कर नागरिकों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि इन सभी आवेदनों का त्वरित और नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। नियमित रूप से होने वाली इस जनसुनवाई में इस बार भी शहर के कोने-कोने से लोग अपनी परेशानियां लेकर पहुंचे थे। जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व विभाग, भवन अनुज्ञा (बिल्डिंग परमिशन), स्वास्थ्य, सीवरेज नेटवर्क, जनकार्य (पीडब्ल्यूडी) और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई। कई मामलों में नागरिकों ने लंबे समय से लंबित फाइलों और मैदानी स्तर पर आ रही दिक्कतों से कमिश्नर को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों को केवल फाइलों में न दबाया जाए, बल्कि तय समय सीमा के भीतर उनका धरातल पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले या बिना ठोस कारण के आवेदनों को लंबित रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और उपायुक्त भी मौजूद रहे, जिन्हें प्राप्त हुए आवेदनों को तुरंत मार्क कर आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। प्रकाश/26 मई 2026