राज्य
26-May-2026
...


:: जल गंगा संवर्धन अभियान : गंगा दशहरा पर राऊ क्षेत्र में हुआ भव्य आयोजन, महंत सोमेश्वर गिरी ने बताया महत्व :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा उत्सव के अवसर पर जनपद पंचायत इंदौर द्वारा राऊ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिल्लौर खुर्द में ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व से जुड़े भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 900 वर्ष प्राचीन बावड़ी के जीर्णोद्धार एवं लोकार्पण का शुभ कार्य श्रद्धा, संस्कृति और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए विधायक मधु वर्मा, इंदौर जनपद पंचायत के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया (कान्हा पटेल) सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठन पदाधिकारी, श्रद्धालुजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। :: विक्रम संवत 1184 में हुआ था बावड़ी का निर्माण :: कार्यक्रम में उपस्थित परम पूज्य महंत सोमेश्वर गिरी महाराज ने इस ऐतिहासिक जल संरचना के गौरवशाली अतीत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विक्रम संवत 1184 में निर्मित इस प्राचीन बावड़ी का जीर्णोद्धार न केवल एक ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण का श्लाघनीय प्रयास है, बल्कि यह हमारी प्राचीन जल संरक्षण परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में भी एक अत्यंत प्रेरणादायी पहल है। सदियों पुरानी यह बावड़ी आज भी भारतीय संस्कृति, सनातन आस्था और हमारी समृद्ध पर्यावरणीय चेतना का जीवंत प्रतीक बनी हुई है। :: आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण का सुंदर समन्वय :: लोकार्पण समारोह में उपस्थित जनसमूह ने इस ऐतिहासिक धरोहर के पुनर्स्थापन को पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रेखांकित किया कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी और महती आवश्यकता है। इस प्रकार के निरंतर प्रयास आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और जल संवर्धन की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का कार्य करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का एक अत्यंत सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की। प्रकाश/26 मई 2026