:: बरलई जागीर में भव्यता से मनाया गया गंगा दशहरा, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीणों को दिलाई प्रतिज्ञा :: इंदौर (ईएमएस)। राज्य शासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशानुसार इंदौर जिले में गंगा दशमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिले के चारों विकासखण्डों में जल संरक्षण और संवर्धन संबंधी अनेक प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में सांवेर तहसील के ग्राम बरलई जागीर में गंगा दशहरा का भव्य कार्यक्रम जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने मां अहिल्याबाई होलकर के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने 300 वर्ष पूर्व जल, जमीन, जंगल और जीवन बचाने के लिए तालाब, कुएं, बावड़ी, कुंड के साथ ही भव्य मंदिरों का निर्माण कराया था। आज वे ऐतिहासिक धरोहर बन चुके हैं। यहाँ स्थित अहिल्याकुंड को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिले और क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो सके। मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गंगा दशहरा पर्व के माध्यम से शुरू किया गया जल गंगा संवर्धन अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अंतर्गत तालाब, कुएं, बावड़ी और कुंड का संरक्षण कर उनका सदुपयोग करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम प्रकृति को सहेजने का कार्य करेंगे, तो प्रकृति हमें जल, वायु, वनस्पति और सुरक्षित जीवन देगी। हम प्रायः अपनी जरूरतों के लिए प्रकृति का दोहन तो करते हैं, परंतु बदले में उसे कुछ देना भूल जाते हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ही अपने आसपास के जल स्रोतों का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार करना है, ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को एक समृद्ध पर्यावरण सौंप सकें। :: अहिल्या कालीन बावड़ी के इतिहास लेख का हुआ लोकार्पण :: कार्यक्रम के दौरान अहिल्या कालीन बावड़ी के इतिहास पर आधारित एक विशेष लेख का लोकार्पण किया गया। ग्रामीणों ने उपस्थित जनसमुदाय को अहिल्या कुंड के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। इस अवसर पर मां गंगा की महाआरती की गई और दीपदान भी संपन्न हुआ। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल संरक्षण को समय की महती आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से नदियों के संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया और उपस्थित ग्रामीणों को जल बचाने की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकनृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया। :: जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया बल :: जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जल संरक्षण से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जनपद पंचायत सीईओ कुसुम मांडलोई ने अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, नायब तहसीलदार शिप्रा टप्पा विकास रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेई, जिला पंचायत सदस्य माखन पटेल, सरपंच सुदीप उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रकाश/26 मई 2026