राज्य
26-May-2026
...


:: बिजलपुर की कांताबाई की जमीन पर दबंग ने गाड़ दिए थे खंभे, शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचा राजस्व अमला; कब्जा मुक्त कराई भूमि :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई अब पीड़ित और बेसहारा लोगों के लिए तत्काल न्याय का बड़ा संबल बनती जा रही है। मंगलवार को कलेक्टरेट में आयोजित जनसुनवाई में ऐसा ही एक संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई का मामला सामने आया। कलेक्टर शिवम वर्मा के सामने जब बिजलपुर निवासी एक बुजुर्ग महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगई से कब्जे की आपबीती सुनाई, तो कलेक्टर ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। उनके कड़े रुख और तत्काल दिए गए निर्देशों के बाद राजस्व अमला हरकत में आया और चंद घंटों के भीतर ही महिला की जमीन से अवैध कब्जा हटाकर उसे राहत दिलाई गई। जनसुनवाई में पहुंची कांताबाई पति मदनलाल (निवासी बिजलपुर) ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी ग्राम कंपेल (तहसील खुड़ैल) स्थित निजी भूमि पर क्षेत्र के ही जीवन पटेल द्वारा जबरन खंभे गाड़कर अतिक्रमण कर लिया गया है। महिला ने रोते हुए अपनी बेबसी जाहिर की कि इस अवैध कब्जे के कारण उसे अपनी ही जमीन का उपयोग करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और वह दफ्तरों के चक्कर काट रही थी। :: कलेक्टर का निर्देश और मौके पर दौड़ा अमला :: बुजुर्ग महिला की पीड़ा सुनते ही कलेक्टर शिवम वर्मा ने बिना वक्त गंवाए मौके पर ही मौजूद राजस्व अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर के सख्त तेवर देखते ही खुड़ैल तहसील का राजस्व अमला और पुलिस बल तुरंत ग्राम कंपेल के लिए रवाना हो गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर न केवल सीमांकन की स्थिति देखी, बल्कि अतिक्रमणकारी द्वारा गाड़े गए खंभों को उखाड़कर पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। :: आम जनता का प्रशासनिक व्यवस्था पर बढ़ा भरोसा :: जिला प्रशासन द्वारा की गई इस बिजली जैसी त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से पीड़ित कांताबाई के चेहरे पर खुशी लौट आई। उसने कलेक्टर और प्रशासन का आभार माना। इस त्वरित निराकरण ने कलेक्टरेट परिसर में मौजूद अन्य आवेदकों के बीच भी यह संदेश दिया कि यदि शिकायत सही है, तो डॉ. मोहन यादव सरकार के सुशासन में न्याय मिलने में देर नहीं लगती। इस कार्रवाई से आमजन का जनसुनवाई व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। प्रकाश/26 मई 2026