:: इंदौर में पानी की किल्लत दूर करने के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर के हर हिस्से में बिना किसी बाधा के और तय समय पर पानी की सप्लाई हो, इसे लेकर नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह मुस्तैद और हाईटेक मोड में नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मुसाखेड़ी स्थित स्काडा (SCADA) कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक से लैस इस सिस्टम के जरिए पूरे शहर की जलप्रदाय व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और तकनीकी अमले को निर्देश दिए कि पानी के वितरण की पल-पल की जानकारी यानी रियल टाइम मॉनिटरिंग पर पैनी नजर रखी जाए ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने कंट्रोल रूम में बैठकर देखा कि किस तरह मुख्य पंपिंग स्टेशनों, पानी की विशाल टंकियों और प्रमुख वितरण केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इस अत्याधुनिक स्काडा सिस्टम के माध्यम से नर्मदा लाइनों के प्रेशर, टंकियों में पानी के स्तर और वितरण के समय की सटीक जानकारी कंप्यूटर स्क्रीन पर एक क्लिक में मिल जाती है। आयुक्त ने इस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए ताकि पानी की बर्बादी और अवैध दोहन को भी पूरी तरह से रोका जा सके। निगमायुक्त सिंघल ने कंट्रोल रूम में तैनात इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि शहर के सभी क्षेत्रों में निर्धारित समय पर ही निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी क्षेत्र में लाइन फूटने, प्रेशर कम होने या पंपिंग ठप होने जैसी कोई भी तकनीकी बाधा आती है, तो यह सिस्टम तुरंत उसका अलर्ट जनरेट करे और मैदानी अमला बिना कोई वक्त गंवाए उसका त्वरित समाधान करे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकाश/26 मई 2026