गुइझोऊ प्रांत (ईएमएस)। दक्षिण-पश्चिमी चीन के गुइझोऊ प्रांत में आयोजित एक अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां दूल्हा-दुल्हन ने शादी के मंच को कुश्ती के अखाड़े में बदल दिया और मेहमानों के सामने एक-दूसरे से मुकाबला किया। जानकारी के मुताबिक दूल्हे हे यिनशेंग पेशे से पेशेवर रेसलर हैं। शादी की तैयारियों के दौरान उन्होंने महसूस किया कि गायक, डांसर और बड़े मनोरंजन कार्यक्रमों पर काफी खर्च हो सकता है। इसके बाद उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी के साथ मिलकर एक अनोखा विचार तैयार किया। दोनों ने फैसला किया कि शादी में पारंपरिक मंच की जगह रेसलिंग रिंग बनाई जाएगी, ताकि मेहमानों को कुछ अलग और मजेदार देखने को मिले। इसके बाद होटल के हॉल को पूरी तरह कुश्ती के अखाड़े जैसा रूप दिया गया। बड़ी स्क्रीन पर “ब्राइड वर्सेस ग्रूम” लिखा गया और मेहमानों को पहले से बता दिया गया कि इस शादी में सिर्फ स्वादिष्ट खाना ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का खास इंतजाम भी रहेगा। जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, पूरा हॉल तालियों और शोर से गूंज उठा। बच्चे तक खाना छोड़कर इस अनोखे मैच को देखने में जुट गए। इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाने के लिए दूल्हा-दुल्हन ने एक मजेदार शर्त भी रखी थी। दोनों ने तय किया कि तीन राउंड के मैच में जो भी हारेगा, उसे शादी के बाद घर के काम करने होंगे। यानी झाड़ू-पोछा, बर्तन साफ करना और अन्य घरेलू जिम्मेदारियां हारने वाले के हिस्से में आएंगी। मुकाबले के दौरान दोनों ने मजाकिया अंदाज में एक-दूसरे पर कई दांव लगाए और मेहमानों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबले के आखिरी दौर में दुल्हन ने शानदार दांव लगाकर दूल्हे को जमीन पर गिरा दिया। रेफरी ने तुरंत दुल्हन को विजेता घोषित कर दिया और इसके साथ ही घर के काम की जिम्मेदारी दूल्हे के हिस्से में चली गई। हालांकि बाद में दूल्हे ने हंसते हुए बताया कि यह मुकाबला पहले से तय था और इसे सिर्फ मनोरंजन के लिए आयोजित किया गया था। उन्होंने मजाक में कहा कि वह अपनी पत्नी से घर का काम नहीं करवा सकते थे, इसलिए उन्हें हारना ही था। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2026