- नगर निगम में ईद पर्व और मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा जबलपुर (ईएमएस)। नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बुधवार को पूर्वान्ह एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई जिसमें निगम के 6 प्रमुख विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई । इस दौरान निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को जनता से जुड़े विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ जमीनी स्तर पर जनता तक पहुंचाना और शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करना था। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईद पर्व को देखते हुए आयुक्त ने शहर में साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी है। बैठक में बदलते मौसम और आने वाले मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान निगमायुक्त ने कचरा प्रबंधन और मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग मशीन के नियमित उपयोग के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम में नागरिकों को पानी की किल्लत से बचाने के लिए जल प्रदाय नेटवर्क को मजबूत करने और पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने एल-1 स्तर पर ही समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण समाधान करने की बात कही ताकि आम लोगों को परेशान न होना पड़े। इसके साथ ही रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदारों की मदद के लिए चल रही पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति को भी परखा गया, जिससे ज्यादा से ज्यादा सूक्ष्म उद्यमियों को लोन का लाभ मिल सके। निगमायुक्त अहिरवार ने ईद के त्योहार पर शहर के हर कोने में प्रकाश, शुद्ध पेयजल और स्वच्छता की चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को कोई असुविधा न हो। अजय पाठक / मोनिका / 27 मई 2026/ 02.57