दतिया ( ईएमएस ) कोतवाली पुलिस ने 16 वर्षीय वर्षीय किशोरी की शिकायत पर इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक द्वारा दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल कर जेवर हड़पने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए शुभम उर्फ शिब्बू पिप्पल निवासी ग्वालियर से हुई थी। दोनों के बीच पहले इंस्टाग्राम कॉल पर बातचीत शुरू हुई, बाद में मोबाइल पर भी संपर्क होने लगा। किशोरी के अनुसार आरोपी कई बार दतिया आकर उससे मिलता रहा। शिकायत में किशोरी ने बताया कि 13 मार्च 2026 को आरोपी ने उसे सुपर मार्केट बुलाया और वहां से बाइक पर बैठाकर एक होटल ले गया। होटल के कमरे में आरोपी ने जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसकी तस्वीरें भी ले लीं और किसी को बताने पर फोटो वायरल करने तथा पिता को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने बाद में पैसों की मांग की। पैसे नहीं होने पर उसने उसकी मां के जेवर मांगे। डर के कारण किशोरी ने अपनी मां का नेकलेस सेट आरोपी को दे दिया। आरोपी लगातार धमकियां देता रहा, जिससे पीड़िता मानसिक तनाव में रहने लगी। घरवालों को उस पर शक हुआ तो चाचा-चाची ने पूछताछ की। इसके बाद किशोरी ने पूरी घटना बताई और परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।