क्षेत्रीय
27-May-2026


- उपाध्यक्ष ने खुद का स्वागत करने से मना कर पहले सफ़ाई कर्मचारियों को शॉल और गुलदस्ते देकर किया सम्मानित - सफ़ाई कर्मचारियों की अलग-अलग मांगों और सरकारी योजनाओं को लागू करने पर विस्तृत में हुई चर्चा उल्हासनगर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष मुकेश सारवान की अध्यक्षता में मंगलवार को उल्हासनगर महानगरपालिका के स्थायी समिति सभागार में सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय विभाग और नगर विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। इस दौरे की सबसे खास बात यह रही कि उपाध्यक्ष मुकेश सारवान ने महानगरपालिका मुख्यालय पहुंचने पर अपने स्वागत को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। इसके बजाय उन्होंने शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए वर्षों से कार्यरत महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया। उनके इस कदम से सफाई कर्मचारियों में खुशी और सम्मान की भावना देखने को मिली। इसके बाद महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. धीरज चव्हाण ने उपाध्यक्ष मुकेश सारवान का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर औपचारिक स्वागत किया। इस बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपाध्यक्ष को सौंपे। उपाध्यक्ष ने इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश प्रशासन को दिए। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई- - अनुकंपा (वारसा) हक्क प्रकरण: सफाई कर्मचारियों के लंबित अनुकंपा हक्क मामलों की वर्तमान स्थिति और उन पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। - हाथ से मैला ढोने वालों को मुआवज़ा: दूषित नालों और गटरों में काम करते समय मृत्यु, स्थायी या अस्थायी विकलांगता के शिकार हुए सफाई कर्मचारियों को मुआवजा देने के मामलों पर चर्चा हुई। - डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर श्रमसाफल्य योजना: 25 वर्ष या उससे अधिक सेवा देने वाले सफाई कर्मचारियों को मुफ्त आवास उपलब्ध कराने की योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। - रिक्त पदों की जानकारी: सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत पद, भरे हुए पद और रिक्त पदों का विस्तृत ब्यौरा प्रशासन से मांगा गया। - सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन: सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर महापालिका द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। इस अवसर पर उल्हासनगर महानगरपालिका की महापौर अश्विनी कमलेश निकम ने भी मुकेश सारवान का शाल और श्रीफल देकर स्वागत किया। बैठक में स्थायी समिति सभापति कलवंतसिंह सोहता, शिक्षण समिति सभापति साक्षी संदीप सुर्वे, नगरसेवक दुर्गा राय तथा पूर्व नगरसेवक मनोज लासी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशासन की ओर से उप आयुक्त डॉ. दिपाली चौगले, मुख्य लेखा अधिकारी किरण भिलारे, मुख्य लेखा परीक्षक सुषमा पाटील, सहायक आयुक्त विशाल कदम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संतोष झा- २७ मई/२०२६/ईएमएस