क्षेत्रीय
27-May-2026


पूर्णिया (ईएमएस)। बिहार में अब सिर्फ जेवर, नकदी या महंगी वस्तुओं की चोरी ही नहीं, बल्कि बकरी-बकरों की चोरी भी तेजी से बढ़ने लगी है। महंगाई और त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग के कारण बकरों की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे चोरों की नजर अब पशुपालकों की कमाई पर भी पड़ने लगी है। पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के बखरिया यादव टोला में हुई एक ऐसी ही घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है, क्योंकि इस बार चोरों ने चोरी के लिए लाखों रुपये की लग्जरी कार का इस्तेमाल किया।सोमवार दोपहर हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में सड़क सुनसान दिखाई देती है और कुछ देर पहले दो महिलाएं खेत से चारा लेकर लौटती नजर आती हैं। इसी दौरान चोर लग्जरी कार में पहुंचे और बकरी चोरी कर फरार हो गए। गांव के लोग बताते हैं कि दोपहर के समय अधिकतर लोग खेतों या काम पर बाहर रहते हैं, जिसका फायदा चोर उठाते हैं। पहले बकरी चोरी की घटनाएं साइकिल या बाइक से होती थीं, लेकिन अब अपराधियों ने तरीका बदल लिया है। लग्जरी कारों के इस्तेमाल से लोगों को शक भी नहीं होता। इन गाड़ियों में काली फिल्म लगे शीशे होते हैं, जिससे अंदर की गतिविधियां साफ दिखाई नहीं देतीं। यही वजह है कि ऐसे गिरोह आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं।हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। 23 मई को अररिया जिले के नरपतगंज में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से 9 बकरी-बकरे बरामद किए थे। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। खास बात यह है कि दोनों घटनाओं में हुंडई वेन्यू एसएक्स जैसी महंगी कार का इस्तेमाल किया गया, जिसकी कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये बताई जाती है। इन घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। ईएमएस / चन्द्रबली / 27/05/2026